दिवाली का पर्व आने वाला है चारों तरफ त्योहार की धूम देखने को मिल रही है. धनतेरस से दीवाली का पर्व शुरू हो जाता है. हिंदू धर्म में धनतेरस के त्योहार का बड़ा महत्व है. धनतेरस का ये पर्व हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि मनाया जाता है.
इस साल त्रयोदशी तिथि की शुरुआत मंगलवार 29 अक्टूबर 2024 की सुबह 10 बजकर 31 मिनट से हो रही है, जो कि बुधवार 30 अक्टूबर 2024 को दोपहर 1 बजकर 15 मिनट रहेगी. चूंकि धनतेरस की पूजा शाम को ही होती है ऐसे में 29 अक्टूबर को ही ये त्योहार मनाया जाएगा.
धनतेरस के दिन माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है. इसलिए माता लक्ष्मी और कुबेर देवता को आप मखाने और दूध से बनी खीर का भोग लगा सकते हैं. खीर को बनाना भी काफी आसान है. इसे बनाने के लिए आप आपको मखाने, दूध, चीनी, ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर की आवश्यकता होती है.
वैदिक पंचांग के अनुसार, धनतेरस के लिए पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त मंगलवार 29 अक्टूबर की शाम 6 बजकर 31 मिनट से लेकर 8 बजकर 13 मिनट तक रहेगा.
शाम के समय कुबेर देव के साथ मां लक्ष्मी की तस्वीर या मूर्ति की स्थापना करें. अब धन्वंतरि देव, माता लक्ष्मी और कुबेर देवता के समक्ष घी का दीपक जलाएं. इसके बाद फल और फूल अर्पित करें. माता और देव को उनका प्रिय भोग लगाएं. पूजा करते समय "ॐ ह्रीं कुबेराय नमः" मंत्र का जाप करें. पूजा के अंत में आरती करें.