पाकिस्तान ने मुल्तान में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 152 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 366 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 291 रन पर सिमट गई थी।  

पाकिस्तान की टीम 44 महीने बाद अपने घर में कोई टेस्ट मैच जीती है। उसने अपने घर में पिछला टेस्ट फरवरी 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रावलपिंडी में जीता था। तब पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 95 रन से हराया था। 

पाकिस्तान की टीम ने इस टेस्ट के लिए कड़े फैसले लेते हुए कई बड़े बदलाव किए थे। इनमें बाबर आजम, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को बाहर बैठाना शामिल था।  

297 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 144 रन पर सिमट गई। जैक क्राउली तीन रन, ओली पोप 22 रन, जो रूट 18 रन, हैरी ब्रूक 16 रन, कप्तान बेन स्टोक्स 37 रन, जेमी स्मिथ छह रन, ब्राइडन कार्स 27 रन और जैक लीच एक रन बनाकर आउट हुए। 

इससे पहले पाकिस्तान की दूसरी पारी 221 रन पर समाप्त हुई थी। अब्दुल्लाह शफीक ने चार रन, सैम अयूब ने 22 रन, शान मसूद ने 11 रन, कामरान गुलाम ने 26 रन, सउद शकील ने 31 रन और मोहम्मद रिजवान ने 23 रन की पारी खेली थी।  

इससे पहले इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 291 रन बनाए थे। बेन डकेट ने 114 रन की पारी खेली थी। वहीं, जैक क्राउली 27 रन, पोप 29 रन, रूट 34 रन, ब्रूक नौ रन और स्टोक्स एक रन बनाकर आउट हुए थे। जेमी स्मिथ ने 21 रन और कार्स ने चार रन बनाए थे।